बांदा जा रहे प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का असनी पुल पर भाजपाईयों ने किया जोरदार स्वागत


 तेलंगाना प्रांत के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की माता जी के निधन पर परिजनों से मुलाकात करने जा रहे थे महुआ गांव

प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को अंग वस्त्र पहना कर किया सम्मानित

 प्रदेश अध्यक्ष बोले- राजनीतिक नहीं व्यक्तिगत कार्यक्रम के लिए निकला हूं..! राजनीतिक सवाल-जवाब से बनाई दूरी..!



यूपी के फतेहपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के आने की सूचना जैसे ही भाजपाईयों को लगी तो जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में भाजपा नेता जनपद की सीमा असनी पुल पर एकत्र हुए और प्रदेश अध्यक्ष के आते ही फूल माला पहना कर जोरदार स्वागत किया

बताते चले की बांदा जनपद के ग्राम व ब्लाक महुआ निवासी भारतीय जनता पार्टी के तेलंगाना प्रांत प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर की माता जी का विगत दिनों निधन हो गया था। उनकी माता जी के निधन की सूचना जैसे ही भाजपा नेताओं को लगी तो देश व प्रदेश के विभिन्न कोने-कोने से दिवंगत आत्मा को ईश्वर से शांति प्रदान करने की कामना एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने की इच्छा लेकर भाजपा नेताओं समेत विभिन्न समाजसेवी एवं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तथा विश्व हिंदू परिषद के नेताओं का तांता उनके पैतृक गांव में लगा था।वही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी माता जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। अंतिम संस्कार में शामिल न हो पाने वाले देश एवं प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं का अभी भी उनके पैतृक गांव महुआ पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। 

इसी क्रम में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी तेलंगाना प्रदेश महामंत्री (संगठन) चंद्रशेखर व उनके परिवार से मुलाकात करने के लिए कार द्वारा लखनऊ से बांदा जनपद के महुआ गांव जा रहे थे, जिनका फतेहपुर जिले के भाजपाईयों ने जनपद सीमा असनी पुल पर रोक कर फूल माला पहना कर स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को अंगवस्त्र पहना कर सम्मानित करते हुए हौसला बढ़ाया। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन मजबूती के लिए किए जा रहे मुखलाल पाल के कार्यों की प्रशंसा की तथा इसी प्रकार आगे भी कार्य करते रहने की प्रेरणा दी। हालांकि इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पत्रकारों से दूरी बनाये रहे और उनका कहना रहा की वह एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के तहत बांदा जनपद जा रहे हैं। इस दौरान किसी भी तरह की राजनीति से प्रेरित सवाल का जवाब देना उचित नहीं है..!

Post a Comment

Previous Post Next Post